रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने ग्राम पंचायत करींगा में आयोजित वीएचएनडी (Village Health Nutrition Day) सत्र एवं ग्राम्य चौपाल का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ललिता एवं राजबाला से केंद्र में पंजीकृत बच्चों की जानकारी प्राप्त की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि सभी बच्चों का वजन एवं लंबाई प्रति माह नियमित रूप से दर्ज की जा रही है। वहीं उपस्थित एएनएम ने अवगत कराया कि आज 3 गर्भवती महिलाओं और 9 बच्चों का टीकाकरण किया गया है।
सीडीओ ने ग्रामीणों को सैम/मैम की जानकारी तथा बच्चों के समय पर पूर्ण टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक किया। साथ ही एएनएम को निर्देश दिए कि चौपाल व प्रत्येक वीएचएनडी सत्र में आने वाले सभी ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए।
चौपाल के दौरान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, फार्मर रजिस्ट्री एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभ से संबंधित जानकारी साझा की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें कई माह से किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं हो रही है।
सीडीओ ने यूरिया/खाद उपलब्धता की जानकारी भी ली। ग्रामीणों ने समस्या रखते हुए कहा कि उनकी सोसायटी परम होने के कारण खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे निजी दुकानों से अधिक मूल्य पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत वृहद रिसरकुलेटिंग सिस्टम से संचालित ग्राम धनौरा में स्थित हैचरी हाउस का भी निरीक्षण किया। लाभार्थी रघुवीर ने बताया कि इससे प्रतिवर्ष लगभग 30 मीट्रिक टन पंगास मछली का उत्पादन होता है और 10-12 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त होता है।
चौपाल में खंड विकास अधिकारी मिलक, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
