दलित वाल्मीकि युवक की नहीं सुन रही थाना गंज पुलिस, फरियाद लेकर SP दरबार पहुंचा नवीन

बाइक चोरी की शिकायत पर भी नहीं हो रही कार्रवाई, पुलिस पर गाली-गलौज का आरोप

रामपुर। थाना गंज पुलिस पर एक बार फिर लापरवाही और पक्षपात के गंभीर आरोप लगे हैं। दलित वाल्मीकि समाज के युवक नवीन ने शुक्रवार को रामपुर स्थित एसपी ऑफिस कचहरी परिसर पहुंचकर अपनी फरियाद सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।

नवीन ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी बाइक चोरी हो गई थी, जिसकी शिकायत उसने थाना गंज पुलिस से की थी। लेकिन अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत सुनने के बजाय उसे गालियां देकर थाने से भगा दिया।

मीडिया से बात करते हुए नवीन ने बताया कि 27 तारीख को रविवार के दिन वह चार लोगों के साथ खाना-पीना करने गया था। उसने शराब पी रखी थी, जिसके बाद उसे नशा अधिक हो गया। इसी दौरान उक्त चारों लोग उसे उसकी ही बाइक पर ले गए और पुल के नीचे फेंक दिया, फिर उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए।

नवीन ने बताया कि उसने जब यह घटना थाना गंज पुलिस को बताई, तो उन्होंने ना तो आरोपी युवकों को बुलाया और ना ही कोई जांच शुरू की। उल्टा उसे बार-बार अपमानित किया जा रहा है। परेशान होकर वह अब एसपी दरबार में न्याय की आस लेकर आया है।

नवीन ने मीडिया और प्रशासन से अपील की है कि उसे न्याय दिलाया जाए, और जो लोग उसकी बाइक छीनकर भागे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में थाना गंज पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अब देखना होगा कि एसपी कार्यालय द्वारा इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.