पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के निर्देशानुसार 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक संचालित पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत बाल विकास परियोजना, रामगढ़ चौक द्वारा केंद्र संख्या 19, मुसहरी रामगढ़ में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर अन्नप्राशन दिवस, पोषण मेला, प्रदर्शनी एवं सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम का नेतृत्व बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, रामगढ़ चौक, कुमारी मुक्ता के द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण हेतु संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं।साथ ही, अभिभावकों को बच्चों के अत्यधिक टीवी एवं मोबाइल उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी गई। किशोरियों एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की भी अपील की गई।
इस कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक, विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाएं, वार्ड सदस्य, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं जीविका समूह की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पोषण के प्रति जागरूक रहने एवं अपने परिवार में स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.