वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सीएम नायब सिंह सैनी बोले – “वंदे मातरम् भारत की आत्मा है”

अंबाला। वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पुलिस लाइन मैदान में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां अंबिका का स्मरण कर अपने संबोधन की शुरुआत की और कहा — “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और उसकी धड़कन है। यह हमारी पहचान है।”

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि “वंदे मातरम् गीत हमारी मातृभूमि को मां के रूप में देखने वाली सनातन दृष्टि का प्रतीक है। यह हर भारतवासी को मर्यादा, अनुशासन और त्याग की भावना से जोड़ने वाला मंत्र है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह गीत आत्मबल का शंखनाद है, जिसने अंग्रेजों की हुकूमत की नींव को हिला दिया था। इसी गीत ने देशवासियों को यह एहसास दिलाया कि “हम प्रजा नहीं, बल्कि राष्ट्रशक्ति हैं।”

सीएम ने कहा कि “वंदे मातरम् के प्रत्येक शब्द में भारत की मिट्टी की सुगंध है — इसमें हमारी नदियों की कल-कल, खेतों की हरियाली और धरती का गौरव समाया हुआ है। यह गीत एकता, शक्ति और समर्पण का अमृत मंत्र है।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पुलिसकर्मी, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। पूरे मैदान में “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ देशभक्ति का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.