एसपी दीपक सहारन ने शगुन योजना के तहत बेटियों की शादी पर 2 पुलिसकर्मियों को 2.50-ढाई लाख रुपए का चैक भेंट किए ।
सिरसा (एम पी भार्गव): जिला पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारन ने पुलिस विभाग के दो कर्मचारियों को उनकी बेटियों के विवाह हेतु ढाई-ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी । इस शगुन योजना का लाभ लेने वाले दो पुलिस कर्मचारियों में ई/उप निरीक्षक रणधीर सिंह व रमेश कुमार के नाम मुख्य रुप से शामिल है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1 अप्रैल से हरियाणा पुलिस द्वारा अपने कर्मचारियों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए चलाई जा रही शगुन योजना जरूरतमंद पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि हरियाणा पुलिस की यह महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना माननीय पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के मार्गदर्शन में चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहयोग प्रदान करना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि शगुन योजना के तहत हरियाणा पुलिस विभाग अपने कर्मचारी की बेटी के विवाह पर ₹2,50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करता है । यह सहायता राशि हरियाणा पुलिस कल्याण कोष से दी जाती है। एसपी साहब ने बताया कि इस योजना का लाभ किसी कर्मचारी की अधिकतम दो बेटियों के विवाह तक दिया जाता है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी कल्याणकारी योजनाएं न केवल कर्मचारियों को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ विभाग और कर्मचारियों के बीच विश्वास को भी मजबूत करती हैं। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि हरियाणा पुलिस की शगुन योजना सामाजिक संवेदनशीलता और कर्मचारी हितैषी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह योजना पुलिसकर्मियों को उनकी बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
