सोनभद्र: छठ महापर्व की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (घोरावल)। जनपद के घोरावल क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार को उपजिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी ने नगर के तालाबों और घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। यह वही स्थल है जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं छठ पूजा के दौरान सूर्य देव की आराधना करती हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश का जनपद सोनभद्र, जहाँ बड़ी संख्या में बिहार मूल के लोग भी निवास करते हैं, इन दिनों छठ महापर्व की भक्ति में सराबोर है। सूर्य उपासना और परंपरा के प्रति समर्पण का यह पर्व यहाँ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। तहसील क्षेत्र के प्रमुख घाटों — दशमिहवा तालाब सहित अन्य स्थलों पर प्रशासन की ओर से टेंट, चेंजिंग रूम, लाइटिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। एसडीएम त्रिपाठी ने बताया कि “छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है।”
उन्होंने कहा कि वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि कुहारता और मानदह जैसे स्थलों पर, जहाँ बेलन नदी में छठ पर्व मनाया जाता है, वहां मगरमच्छों से सुरक्षा के लिए जाल और नाव की व्यवस्था रखी जाए। साथ ही, सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की तैनाती भी की गई है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बताया कि लगभग 200 महिलाएं सूर्य देव की आराधना में लीन दिखाई दीं। उन्होंने सभी व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह पावन पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, उन्नति और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.