सोनभद्र: छठ पर्व की तैयारी जोरों पर, विण्ढमगंज छठ घाट पर शुरू हुआ सफाई अभियान

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/वीरेंद्र कुमार

सोनभद्र (विंढमगंज)। आगामी छठ महापर्व को लेकर विण्ढमगंज क्षेत्र में तैयारी जोरों पर है। सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व में दर्जनों लोग सतत वाहिनी नदी के किनारे स्थित विण्ढमगंज छठ घाट की सफाई और सजावट में जुटे हुए हैं। घाट को सुंदर और आकर्षक ढंग से सजाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।नदी पर बने चेक डैम पर अस्थायी पुलिया निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। हाल ही में आई बाढ़ के कारण वन विभाग मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसका पुनर्निर्माण ग्राम सभा बुटबेड़वा की ओर से कराया जा रहा है और यह कार्य अब अंतिम चरण में है।
वहीं भारतीय इंटर कॉलेज मैदान को समतल करने का काम जेसीबी मशीनों की मदद से दिन-रात जारी है। समिति अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह लगातार सभी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने भी गुरुवार को छठ घाट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि जनपद में विण्ढमगंज छठ घाट पर ही सबसे बड़ा आयोजन होता है, जहां कई प्रांतों से श्रद्धालु आकर सूर्योपासना करते हैं। इस वर्ष लगभग 5000 छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े पंडाल और टेंट लगाए जा रहे हैं, जिन्हें अनपरा से मंगाया गया है।
छठ के दिन लगने वाले मेले की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं, और दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें आवंटित कराने के लिए पहुंचने लगे हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.