हर घर तिरंगा अभियान में युवाओं का उत्साह, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट बने आकर्षण का केंद्र
सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं की दिखी भागीदारी, 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
Ellanabad, Sirsa, August 10 (एम पी भार्गव): हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय परिसर में बनाए गए ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा कर अन्य लोगों को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि जिले में 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी को देखने के लिए लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
लघु सचिवालय और ई-दिशा केंद्र में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट
अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से लघु सचिवालय परिसर और ई-दिशा केंद्र में ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट बनाए गए हैं। इन प्वाइंट पर युवा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर देशभक्ति के इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं।
युवा अपनी तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं। इससे अभियान को डिजिटल माध्यम से भी बढ़ावा मिल रहा है और अन्य लोग भी हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
