अवैध हथियार से फायर कर हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी गिरफ्तार,2 दिन की रिमांड पर ।

Ellenabad, August 06 (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद थाना क्षेत्र में बीते अप्रैल माह में धर्मकांटा पर काम करने वाले युवक पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने के मामले में सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार गांव मौजूखेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार ने शिकायत दी थी कि वह गांव कुमथला स्थित ममेरां रोड पर बने डिजिटल धर्मकांटा पर ऑपरेटर का कार्य करता है। सात अप्रैल 2026 को वह धर्मकांटा के बाहर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और धर्मकांटा के मालिक के बारे में पूछा। जल्दबाजी में उसने स्वयं को मालिक बता दिया। इस पर बाइक के पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर दिया।

गोली उसके बाएं घुटने के पास लगी। घायल होने के बावजूद वह जान बचाने के लिए धर्मकांटा के पीछे भाग गया। दोनों हमलावर कुछ देर तक धर्मकांटा के आसपास घूमने के बाद बाइक पर सवार होकर मौका से फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने तुरंत विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। ऐलनाबाद थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ अवैध हथियार से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने वारदात में शामिल आरोपी रमनदीप उर्फ लाहोरिया पुत्र मलकीत सिंह निवासी डबवाली रोड, अनाज मंडी के नजदीक, जीवननगर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.