रेलपथ ओवरहालिंग के लिए शंकरपुर रेलवे क्रॉसिंग फिर बंद

फाटक बंद होने से लोगों में परेशानी, प्रधान संगठन ने कार्य शीघ्र पूर्ण करने की मांग उठाई

रामपुर। शंकरपुर रेलवे क्रॉसिंग को रेलपथ ओवरहालिंग कार्य के चलते एक बार फिर एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले भी 7 से 14 नवंबर तक फाटक बंद रहा था और अब पुनः 7 दिसंबर तक मार्ग अवरुद्ध रहेगा। इससे क्षेत्रवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के जिला महासचिव एवं प्रवक्ता काशिफ ख़ां ने लगातार मरम्मत कार्य का हवाला देकर हर माह इस महत्वपूर्ण मार्ग को बंद किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शंकरपुर- पटवाई मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से दीनपुर, मनकरा, भंडपुरा, राजारामपुर, खजुरिया, कलरख, हरियाल, लालपुर, पटरिया, निस्वा, नदनऊ समेत कई गांवों के हजारों लोग परेशान हैं।

काशिफ खान ने बताया कि भंडपुरा में चल रहे उर्स शरीफ में दूर-दराज़ से आए अकीदतमंदों को भी पहुँचने में भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली बार फाटक बंद किए जाने की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं दी गई थी, जिससे जनता को आकस्मिक रूप से यातायात बाधित होने का सामना करना पड़ा।

प्रधान संगठन ने प्रवर मंडल अभियंता तृतीय, मुरादाबाद से मांग की है कि रेलपथ ओवरहालिंग कार्य को शीघ्रतापूर्वक पूरा किया जाए और फाटक को जल्द से जल्द खोलकर प्रभावित जनता को राहत प्रदान की जाए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.