Mobile Snatching: गाजियाबाद में मोबाइल और चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
Ghaziabad Mobile Snatching: क्राइम ब्रांच और थाना मधुबन बापूधाम पुलिस की संयुक्त टीम ने एनसीआर में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, मोबाइल फोन के मदरबोर्ड, बिना मदरबोर्ड वाले फोन, तमंचा, कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
Mobile Snatching: नंदग्राम क्षेत्र के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पांचों आरोपी गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है। सभी आरोपी हाईस्कूल या इंटरमीडिएट तक पढ़े हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने करीब तीन महीने पहले स्नैचिंग की वारदातें शुरू करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने सबसे पहले दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की और इसके बाद तमंचे का इंतजाम कर बाइक से मोबाइल और चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 15 मोबाइल फोन लूटने और सात चेन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।

Mobile Snatching: मदरबोर्ड निकालकर बेचता था आरोपी
जांच में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य देव शर्मा चोरी किए गए मोबाइल फोन के मदरबोर्ड निकालकर बेचता था। पुलिस के अनुसार, वह इन मदरबोर्ड को नई दिल्ली के मुस्तफाबाद में 2,000 से 2,500 रुपये प्रति मदरबोर्ड की कीमत पर बेच देता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल के मदरबोर्ड, बिना मदरबोर्ड वाले फोन और अन्य मोबाइल बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक सोने की चेन, जिसे चोरी के बाद गलाए जाने की बात बताई गई है, तमंचा, कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
Mobile Snatching: सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया गिरोह
क्राइम ब्रांच ने मुखबिरों से मिली जानकारी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और ऑपरेशन के तहत लगाए गए कैमरों की सहायता से गिरोह को ट्रैक किया। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर चार घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस अब चोरी की चेन के सोने को खरीदने या खपाने वाले व्यापारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की बरामदगी और अन्य संभावित वारदातों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां
