श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ पर ‘शहीदी यात्रा’ का सिरसा में भव्य स्वागत

जगह-जगह शहरवासियों ने की पुष्पवर्षा

  • रिपोर्ट: एम. पी. भार्गव

ऐलनाबाद/सिरसा, 17 नवंबर ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शहीदी यात्रा का रविवार को सिरसा में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा पुष्प वर्षा कर पवित्र यात्रा का अभिनंदन किया गया।
नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा चिल्ला साहिब से हुई, जो पूरे शहर से होते हुए गुरुद्वारा श्री दशम पातशाही तक पहुँचा। पूरे मार्ग में भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और गुरु साहिब की पालकी के समक्ष मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा में शामिल गतका पार्टियों ने अपने कौशल और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसने सभी का मन मोह लिया। रास्ते में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जल, चाय, लंगर और सेवा की व्यवस्थाएँ की गईं।
शहीदी यात्रा सोमवार को मोरीवाला, भावदीन, मोजूखेड़ा, डिंग मोड़ व पतली डाबर मार्ग से होते हुए फतेहाबाद जिले में प्रवेश करेगी।
गौरतलब है कि यह यात्रा 8 नवंबर को सिरसा के रोड़ी गांव से आरंभ हुई थी, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शिरकत की थी। यह यात्रा कालांवाली, डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद सहित जिले के दर्जनों गांवों से गुजरते हुए अब सिरसा पहुँची है और आगे कुरुक्षेत्र में एक बड़े समापन कार्यक्रम के साथ संपन्न होगी।
सिरसा में यात्रा के स्वागत के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि “श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जो सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.