Seva Sankalp Abhiyan Barabanki Bike Yatra: गुजरात के बड़नगर से निकली बाइक यात्रा 2 से 4 अक्टूबर तक बाराबंकी में करेगी प्रवेश

Seva Sankalp Abhiyan Barabanki Bike Yatra: सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के बड़नगर से रवाना हुई युवाओं की बाइक यात्रा आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर को बाराबंकी जिले में प्रवेश करेगी। तीन टोलियों में चल रही बाइक यात्राओं के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भव्य स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक को भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाराबंकी के युवा साथियों के लिए अतिथि देवो भव की परंपरा निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं ने पहले भी विभिन्न कार्यक्रमों में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़नगर से आने वाले युवा बाराबंकी के लोगों से मिले स्नेह और सम्मान को लंबे समय तक याद रखेंगे।

तीन मार्गों से बाराबंकी में प्रवेश करेगी बाइक यात्रा

मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा ने बताया कि बाइक यात्राएं जिले में तीन अलग-अलग मार्गों से प्रवेश करेंगी। पहली यात्रा फतेहपुर के महमूदाबाद बॉर्डर से, दूसरी सफेदाबाद बॉर्डर से और तीसरी हैदरगढ़ के त्रिवेदीगंज क्षेत्र की सीमा से जिले में प्रवेश करेगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक बाइक यात्रा टोली में करीब 40 से 50 युवा शामिल होंगे। बैठक के दौरान यात्रा के रूट और स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

स्वागत द्वार और पुष्प वर्षा की तैयारी

क्षेत्रीय महामंत्री ने बताया कि बाइक यात्रा के मार्गों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे और प्रमुख चौराहों को सजाया जाएगा। बाइक यात्रियों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की भी तैयारी की जा रही है।

भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान युवाओं की भागीदारी और स्वागत कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विधानसभा स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.