रामपुर में महिला सशक्तीकरण पर विचार गोष्ठी, लाभार्थियों को बांटे लैपटॉप

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर में प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा विकास भवन परिसर में महिला सशक्तीकरण पर विचार गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर विधायक आकाश सक्सेना, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं नगर पालिका परिषद रामपुर की अध्यक्ष सना मामून ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 महामारी में निराश्रित एवं अनाथ हुए बच्चों के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत कक्षा-9 या उससे ऊपर की पढ़ाई कर रहे लाभार्थी बच्चों को शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने के लिए 4000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। इसी क्रम में पात्र बच्चों को अतिथियों द्वारा लैपटॉप वितरित किए गए। साथ ही कार्यक्रम में कन्या जन्मोत्सव भी मनाया गया।

इस मौके पर नगर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि महिला सशक्तीकरण को शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से जनपद स्तर पर व्यापक लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य का उल्लेख करते हुए पात्र लाभार्थियों को निरंतर लाभान्वित किए जाने की बात कही।

राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की प्रगति से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया और भारतीय संस्कृति में महिलाओं को देवी स्वरूप बताया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुश्री ईरा आर्या एवं वन स्टॉप सेंटर संचालिका चांद बी ने भी अपने विचार रखते हुए महिला सशक्तीकरण एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.