- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। भारतीय विधिक सहायता एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी बुधवार को तहसील परिसर स्थित अधिवक्ता भवन में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव ने की। संगोष्ठी में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, संविधान के मूल आदर्शों तथा राष्ट्रहित के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप जायसवाल ने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित एवं संविधान के आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय संयोजक अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय तिरंगा एकता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है तथा युवाओं को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राजकुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर विमल प्रसाद सिंह, रियाज़ खान, सुरेश सिंह कुशवाहा, कामता प्रसाद यादव, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, शाहनवाज आलम खान, दशरथ यादव, संतोष चतुर्वेदी, अजीत कश्यप, राहुल जैन, धीरेंद्र पटेल सहित अन्य अधिवक्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
