शाहबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित।
डीएम और एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
-जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें अधिकारी।
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा की उपस्थिति में तहसील शाहबाद सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से राजस्व, पूर्ति, विद्युत, सहायक निबंधक, सिंचाई एवं अन्य विभागों से संबंधित रहीं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम भगवतीपुर में अवैध कब्जा हटवाने तथा ग्राम भोपतरायपुर में सरकारी गूल पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को नामित कर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित करते हुए स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए उन्हें ससमय निस्तारण कर प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं तथ्यपरक परीक्षण करते हुए उसका संतोषजनक निस्तारण कराया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसी प्रकार तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 22 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील टाण्डा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 22 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील स्वार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ नितिन मदान की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 8 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसके अतिरिक्त तहसील मिलक में उपजिलाधिकारी मिलक की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 12 शिकायतें प्राप्त हुई और 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील बिलासपुर में उपजिलाधिकारी बिलासपुर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
