मुंबई। कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका शो India’s Got Latent नहीं, बल्कि महाराष्ट्र साइबर के एक कार्यक्रम में उनका मजाकिया अंदाज रहा। मुंबई में आयोजित साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समय रैना को सम्मानित किया। इस दौरान रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर ऐसा मजाक किया कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ सीएम फडणवीस भी हंस पड़े।
‘महाराष्ट्र साइबर से मेरा पुराना रिश्ता है’
सम्मान मिलने के बाद समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर के साथ अपने पुराने संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि उनका और साइबर सेल का रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 का भी मजाकिया अंदाज में जिक्र किया और कहा कि यह नंबर उनके फोन में सेव है, क्योंकि कई बार वहां से कॉल आ जाती है। उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में जमकर हंसी गूंजी।
रैना ने महाराष्ट्र साइबर की सक्रियता की तारीफ करते हुए यह भी कहा कि यह एजेंसी लोगों को कहीं से भी तलाश सकती है। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस से मजाकिया अंदाज में बिस्किट मांग लिया, जिससे माहौल और हल्का-फुल्का हो गया।
जिस साइबर सेल ने की थी पूछताछ, उसी कार्यक्रम में हुए सम्मानित
समय रैना का महाराष्ट्र साइबर से यह जुड़ाव उस विवाद की वजह से भी चर्चा में है, जो 2025 में उनके कॉमेडी शो India’s Got Latent को लेकर सामने आया था। शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की विवादित टिप्पणी के बाद देशभर में विवाद हुआ था। इसके बाद महाराष्ट्र साइबर ने समय रैना को पूछताछ के लिए बुलाया था। रैना ने बाद में एजेंसी के सामने अपना बयान दर्ज कराया था और शो के सभी एपिसोड YouTube से हटा दिए थे।
अब करीब डेढ़ साल बाद वही समय रैना महाराष्ट्र साइबर के मंच पर बतौर सम्मानित अतिथि नजर आए। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता के बजाय अपने खास कॉमिक अंदाज में पेश किया।
साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता अभियान
यह कार्यक्रम महाराष्ट्र साइबर की ओर से आयोजित साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा था। इस दौरान ‘Digital Arrest’ नाम की साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म और ‘1930 Maharashtra Cyber Anthem’ लॉन्च किया गया। अभियान का उद्देश्य डिजिटल अरेस्ट और अन्य ऑनलाइन ठगी के मामलों को लेकर लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम में समय रैना के अलावा पंकज त्रिपाठी, आशुतोष विद्यार्थी, शरद केलकर, सोनाली बेंद्रे और अन्य कलाकार भी शामिल हुए।
