Rampur: शाहबाद की महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, दबंग पर छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी का आरोप
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर के शाहबाद क्षेत्र की रहने वाली प्रीति नमक (जैसा शिकायत में उल्लेखित) ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर अपने गांव के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला का कहना है कि उसे गांव के निवासी अनिल से अपनी जान का खतरा है।
महिला द्वारा एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि वह पहले भी शाहबाद थाने में शिकायत लेकर पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि एक समाजसेविका गुलगंगा सिंगर के खिलाफ भी शाहबाद पुलिस ने उल्टा मुकदमा दर्ज कर दिया। साथ ही, दोनों महिलाओं को पुलिस द्वारा धमकाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

फिलहाल मामले की जांच प्रचलित बताई जा रही है। अब यह देखना होगा कि रामपुर पुलिस अधीक्षक शिकायत के आधार पर क्या कार्रवाई करते हैं और पीड़िता को न्याय मिलता है या नहीं।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष और पुलिस का पक्ष सामने आने पर समाचार को अपडेट किया जा सकता है।
