Rampur Tiranga Yatra: तिरंगे के रंग में रंगा शहर, बाइक रैली से लेकर पदयात्रा और किसान तिरंगा यात्रा तक दिखा देशभक्ति का उत्साह
Rampur : 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रामपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से तिरंगा बाइक रैली, पदयात्रा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देशभक्ति का माहौल नजर आया।
युवा कल्याण विभाग ने निकाली तिरंगा बाइक रैली
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली सिविल लाइंस, रेलवे स्टेशन और बरेली रोड होते हुए विकास खंड कार्यालय चमरौआ पहुंची और फिर विकास भवन लौटकर संपन्न हुई।

चमरौआ विकासखंड स्तर पर भी तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इसका शुभारंभ खंड विकास अधिकारी ने किया। रैली का आयोजन बीओ चमरौआ ब्रजेश कुमार की देखरेख में हुआ। जिला युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार ने जिला स्तरीय रैली का नेतृत्व किया।
जिला प्रशासन की तिरंगा पदयात्रा में भी पीआरडी जवानों और मंगल दलों के सदस्यों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह यात्रा अंबेडकर पार्क से गांधी समाधि तक निकाली गई।
अंबेडकर पार्क से गांधी समाधि तक निकली तिरंगा पदयात्रा
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रामपुर नगर में भी तिरंगा पदयात्रा आयोजित की गई। नगर विधायक आकाश सक्सेना ने अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में पदयात्रा का शुभारंभ किया। अंबेडकर पार्क से शुरू हुई यात्रा गांधी समाधि पहुंचकर संपन्न हुई।

पदयात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। तिरंगे के साथ निकले लोगों ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
भाजपा ने चमरौआ में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
भाजपा की ओर से चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में काशीपुर चौराहे से करनपुर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मोहन कुमार लोधी रहे, जबकि संयोजक जिला महामंत्री रविंद्र सिंह ‘रवि’ रहे।

यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश सैनी, सुखदेव चीमा, कांता प्रसाद लोधी और वीरपाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
भाजपा नगर इकाई की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब
भाजपा द्वारा रामपुर नगर में भी अंबेडकर पार्क से गांधी समाधि तक तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि नगर विधायक आकाश सक्सेना रहे। जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता और दीपक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी शामिल हुए।

आकाश सक्सेना ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
भाकियू टिकैत ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने भी शहर में ट्रैक्टर और दोपहिया वाहनों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। प्रदेश महासचिव हसीब अहमद और जिला अध्यक्ष दरबारी लाल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद यात्रा अंबेडकर पार्क से जौहर रोड होते हुए गांधी समाधि पहुंची।

गांधी समाधि पर किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता रद्द करने, सभी फसलों के लिए C2+50 प्रतिशत के आधार पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, ग्रामीण ऋण माफी, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने, श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने और मनरेगा को मजबूत करने समेत कई मांगें उठाई गईं।

किसानों ने विद्युत निजीकरण विधेयक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों को वापस लेने, भूमि अधिकारों की रक्षा करने और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने की भी मांग की।
ट्रैक्टर यात्रा के दौरान हाईवे पर लगा जाम
किसानों की ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। जाम में कई अधिकारी भी फंस गए। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई। इस दौरान किसान नेता हसीब अहमद और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने टीएसआई पर यातायात व्यवस्था को सही तरीके से संभालने में लापरवाही का आरोप लगाया।
गर्मी के कारण यात्रा में शामिल कई किसानों की तबीयत भी बिगड़ गई। गांधी समाधि पहुंचने के बाद हसीब अहमद समेत कुछ किसानों को चक्कर आने की शिकायत हुई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें कुछ देर आराम कराया और हवा की व्यवस्था की।
रजा पुस्तकालय में ‘भारतगाथा’ प्रदर्शनी का शुभारंभ
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामपुर रजा पुस्तकालय में ‘भारतगाथा- संघर्ष से स्वाधीनता, स्वाधीनता से स्वाभिमान, स्वाभिमान से विकसित भारत’ विषय पर विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र ने किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर विकसित भारत की यात्रा को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के योगदान को भी रेखांकित किया।

प्रदर्शनी में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के योगदान को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। पुस्तकालय के संग्रह में मौजूद स्वतंत्रता संग्राम, महिलाओं की भूमिका, लोकतंत्र, भारतीय भाषाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
यह प्रदर्शनी 13 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रजा पुस्तकालय के दरबार हॉल में आमजन के लिए खुली रहेगी।
