तिरंगे के रंग में रंगा स्कूल, हर विद्यार्थी के हाथ लहराया तिरंगा, एडवोकेट भादू ने बांटे राष्ट्रीय ध्वज
Ellenabad, August 14 (एम पी भार्गव): स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय शिक्षण संस्थान चौधरी हरपाल सिंह कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह भादू ने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को तिरंगे वितरित किए और देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया।
स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. सतबीर सूर्यवंशी ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
समारोह में सोनू शर्मा, पवन वर्मा, रघुवीर सिंह, नवशेर सिंह और अशोक कुमार समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
