- रिपोर्ट: शहबाज़ खान
रामपुर। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्रा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला प्रशिक्षुओं एवं उपस्थित पुलिस कर्मियों का टर्नआउट चेक किया तथा अनुशासन व परेड प्रदर्शन की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों—भोजनालय, रीडिंग रूम (लाइब्रेरी), कैन्टीन, मनोरंजन कक्ष, संग्रहालय, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय, परिवहन शाखा आदि की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
एसपी ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए सतत प्रशिक्षण, अनुशासन और स्वास्थ्य सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं तथा सभी व्यवस्थाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ बनाए रखा जाएगा।
