ऐलनाबाद में 4 से 6 अप्रैल तक 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन, महिलाओं को मिलेगा ‘वीरांगना अवार्ड’

ऐलनाबाद, 28 मार्च (एम पी भार्गव): स्थानीय अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच द्वारा 4, 5 और 6 अप्रैल को वार्ड-9 स्थित श्री श्याम हवेली में 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक व इंटरनेशनल अवॉर्डी सुभाष चौहान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन में भारत के 20 राज्यों और 7 देशों से लगभग 100 युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम युवाओं को एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने विचार साझा कर सामाजिक विकास, शांति और सहयोग की दिशा में कार्य कर सकेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत 4 अप्रैल को शाम 6 बजे चौधरी देवीलाल चौक से गांधी चौक तक विश्व शांति के लिए पैदल यात्रा से होगी। 5 अप्रैल को सुबह 6 बजे नशा मुक्ति अभियान के तहत पंचमुखी चौक से अंबेडकर चौक तक साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 6 अप्रैल को सुबह 6 बजे हनुमानगढ़ रोड स्थित योग साधना मंदिर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा।

सम्मेलन के दौरान 5 अप्रैल को शाम 5 बजे महिलाओं को उनके साहस, नेतृत्व और समाज सेवा में योगदान के लिए “वीरांगना अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें दिल्ली से ऐलनाबाद तक एसी बस, ठहरने के लिए एसी कमरे और सात्विक भोजन शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को टी-शर्ट, बैग, डायरी, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने अनुभव साझा करने के लिए 5-7 मिनट का स्पीकर स्लॉट भी दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को आसपास के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। यह सम्मेलन युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नेटवर्किंग बढ़ाने और वैश्विक पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.