रामपुर, आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितम्बर 2026 के सफल आयोजन एवं आमजन में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रामपुर, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, रामपुर, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रामपुर तथा अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगणों की उपस्थिति में लोक अदालत के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया जाता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में आमजन को जागरूक करने तथा अधिकाधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से प्रचार वाहन द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय, जनपद रामपुर सहित समस्त तहसीलों, कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालयों तथा विभिन्न विभागों में किया जाएगा। इस दौरान लंबित वादों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए अपने लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं तथा त्वरित एवं सरल न्याय प्राप्त करने के इस अवसर का लाभ उठाएं।
