रामपुर में एक ही प्लॉट की कई रजिस्ट्रियों का आरोप, पीड़ित ने जांच और न्याय की लगाई गुहार

रामपुर में एक ही प्लॉट की कथित तौर पर कई बार रजिस्ट्री किए जाने का मामला सामने आया है। प्लॉट के स्वामी होने का दावा करने वाले गुड्डू मियां ने कई लोगों पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

गुड्डू मियां का आरोप है कि डॉक्टर बदर, जाहिद और शोएब मियां ने पहले अपनी सास के नाम प्लॉट की रजिस्ट्री कराई। इसके बाद उनकी सास ने उसी संपत्ति की रजिस्ट्री अपनी बहू समेत अन्य लोगों के नाम भी करा दी। उनका आरोप है कि तहसील में मिलीभगत और कथित रूप से धन के बल पर फर्जी तरीके से कई रजिस्ट्रियां कराई गईं।

पीड़ित के अनुसार, यह विवाद पिछले कई वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है। संबंधित प्लॉट करीब 160 गज का है और शाहबाद गेट स्थित मस्जिद फतेहयाब खान के पास स्थित है। उनका कहना है कि प्लॉट का नगर पालिका में उनके पिता स्वर्गीय/अब्बा हामिद मियां के नाम से इंद्राज है तथा हाउस टैक्स और वाटर टैक्स का नियमित भुगतान भी उनके परिवार द्वारा किया जाता रहा है।

गुड्डू मियां ने आरोप लगाया कि अब तक उनके मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई है और लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि कुछ दबंग लोगों के प्रभाव के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

उन्होंने रामपुर के लोगों से अपील की है कि जब तक मामला न्यायालय में लंबित है, तब तक कोई भी इस प्लॉट की खरीद-फरोख्त न करे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद का सामना न करना पड़े।

पीड़ित ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

नोट: यह खबर संबंधित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में अन्य पक्ष का पक्ष और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.