- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
रामपुर। सैफनी में तैनात बिजली विभाग के जेई रविंद्र मिश्रा ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उन्होंने शाहजहांपुर में अपने 10 वर्षीय बेटे से वीडियो कॉल पर बात की और फिर यह कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे कर्मियों ने पुलिस की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद निवासी 42 वर्षीय रविंद्र मिश्रा सैफनी बिजलीघर पर जेई के पद पर तैनात थे। वह शाहबाद में बिलारी मार्ग स्थित होटल सेवन सीज के पीछे किराए के मकान में अकेले रहते थे। बीती रात उन्होंने अपने बेटे को वीडियो कॉल किया और इसके बाद चादर के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी।
घटना के बाद घबराए बेटे ने अपने चाचा प्रभात मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय संविदा कर्मियों और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां रविंद्र मिश्रा का शव फंदे से लटका मिला। शव को उतारकर सीएचसी ले जाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पत्नी से विवाद चल रहा था और तलाक का मामला भी विचाराधीन था। पुलिस का मानना है कि इसी अवसाद में आकर उन्होंने यह कदम उठाया। वह अपने पीछे पत्नी और 10 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
