Rampur Janata Darshan: रामपुर जनता दर्शन में गंभीर बीमार दो बच्चों को 1-1 लाख की मदद, दिव्यांग बांदूराम को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur Janata Darshan: रामपुर कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे दो बेहद गरीब परिवारों के लिए जिलाधिकारी की संवेदनशीलता जीवनदायिनी साबित हुई। गंभीर और असाध्य रोगों से जूझ रहे दो मासूम बच्चों के इलाज में आड़े आ रही तंगहाली को देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मौके पर ही चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत कर परिजनों को चेक सौंपे। सरकारी स्तर पर बिना किसी देरी के मिली दो लाख रुपये की इस वित्तीय मदद ने मुरादाबाद और बरेली के अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे बच्चों के परिजनों की उम्मीदों को नया संबल दिया है।

अंतिम ऑपरेशन के लिए मिली 1 लाख की मदद, पहले भी मिले थे 1.25 लाख

तहसील मिलक निवासी चांदनी गुप्ता की 10 वर्षीय पुत्री धेरवी जन्म से ही गंभीर बीमारी से जूझ रही है, जिसका जटिल उपचार मेडेसिया अस्पताल, मुरादाबाद में चल रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पहले ही अपनी सारी जमा-पूंजी इलाज में लगा चुका था। इससे पहले भी बच्ची के ऑपरेशन के लिए जिलाधिकारी ने चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 1.25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई थी। जनता दर्शन में पहुंची मां ने जब बच्ची के अंतिम और निर्णायक ऑपरेशन के लिए दोबारा गुहार लगाई, तो जिलाधिकारी ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल 1 लाख रुपये का अतिरिक्त चेक जारी कर दिया।

दिल की बीमारी से जूझ रहे नवजात के लिए मसीहा बना प्रशासन

तहसील सदर के ग्राम बकैनिया निवासी किरन पाल के नवजात बेटे को जन्म से ही गंभीर हृदय रोग ने घेर रखा है। शिशु का नाजुक इलाज डॉ. रवि खन्ना न्यू बॉर्न चाइल्ड एंड क्रिटिकल केयर सेंटर, बरेली में चल रहा है। आर्थिक तंगी से घिरे पिता ने इलाज का भारी खर्च उठाने में असमर्थता जताते हुए जनता दर्शन में जीवनदान की फरियाद की थी। डीएम ने प्रकरण को तुरंत संज्ञान में लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोबेशन अधिकारी के जरिए मौके की जांच कराई। सत्यापन में परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति की पुष्टि होते ही डीएम ने किरन पाल को कलेक्ट्रेट बुलाकर 1 लाख रुपये का चेक सौंपा।

जरूरतमंद बच्चों के इलाज का संबल बना चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड गंभीर बीमारियों से पीड़ित निर्धन परिवारों के लिए एक सशक्त माध्यम है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष तक की आयु के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को गंभीर बीमारी की दशा में समय पर समुचित चिकित्सा उपलब्ध कराना है, ताकि धन के अभाव में किसी मासूम का इलाज न रुके। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजना के दायरे में आने वाले हर पात्र बच्चे को बिना किसी लालफीताशाही के तत्काल सहायता मिले।

बांदूराम के सपनों को मिले पहिए

तहसील सदर के ग्राम भण्डपुरा निवासी दिव्यांग बांदूराम के लिए शारीरिक अक्षमता अब तक एक बड़ी बेड़ी बनी हुई थी। कदम-कदम पर आवागमन की दुश्वारियां लेकर वह डीएम के दर पर पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने उनकी पीड़ा को बेहद आत्मीयता से सुना और बिना किसी देरी के उन्हें तुरंत मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की। अब तक दूसरों पर निर्भर रहने को मजबूर बांदूराम अपना खुद का वाहन पाकर गदगद नजर आए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अब उनकी जिंदगी की रफ्तार नहीं थमेगी और वे आत्मनिर्भर होकर अपने काम कर सकेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.