रामपुर: बिलासपुर गेट स्थित डलाव घर हटाने की मांग फिर उठी, हम एकता मंच ने मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर। शहर के बिलासपुर गेट स्थित डलाव घर को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर हम एकता मंच ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। संगठन के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफ़ीक़ ख़ां के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि बिलासपुर गेट के पास स्थित पजाव डलाव घर पर पूरे शहर का कूड़ा डाला जाता है। यह डलाव घर घनी आबादी के बीच होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को लगातार दुर्गंध और प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि गर्मियों में यहां आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं, जबकि बरसात के मौसम में गंदगी, प्रदूषित हवा और बदबू के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है।

हम एकता मंच ने यह भी बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है। उस समय जिलाधिकारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक डलाव घर को स्थानांतरित नहीं किया गया।

संगठन ने जनहित में बिलासपुर गेट स्थित डलाव घर को शहजाद नगर के समीप कल्याणपुर पट्टी में स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि शहरवासियों को प्रदूषण और दुर्गंध से राहत मिल सके।

ज्ञापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष शादाब शफ़ीक़ ख़ां, युवा जिलाध्यक्ष मोहम्मद रेहान एडवोकेट, नगर अध्यक्ष नादिर ख़ां बबलू, मास्टर ज़ुबैर, एडवोकेट शैजी ख़ां, मोहम्मद राशिद एडवोकेट, ज़मीर अहमद एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.