रामपुर: मशीन लेकर 6.06 लाख रुपये का भुगतान नहीं देने का आरोप, पीड़ित ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार
रामपुर। जनपद के भोट थाना क्षेत्र के रहने वाले सैयद अब्दुर रहमान ने मोरबी नंदन कंपनी से जुड़े सजल त्यागी, साकेत गुप्ता और ऋषि कांत गुप्ता (निवासी पुराना गंज) पर मशीन लेने के बाद भुगतान न करने का आरोप लगाया है।
रामपुर। जनपद के भोट थाना क्षेत्र के रहने वाले सैयद अब्दुर रहमान ने मोरबी नंदन कंपनी से जुड़े सजल त्यागी, साकेत गुप्ता और ऋषि कांत गुप्ता (निवासी पुराना गंज) पर मशीन लेने के बाद भुगतान न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने करीब 6 लाख 6 हजार रुपये कीमत की मशीन लेने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया।
सैयद अब्दुर रहमान का आरोप है कि जब उन्होंने अपने रुपये मांगे तो आरोपियों ने भुगतान करने के बजाय उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और दबंगई दिखाई। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने भोट थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन पिछले 15 से 20 दिनों से उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है और उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और उनके बकाया भुगतान की वसूली कराई जाए।
नोट: यह समाचार पीड़ित सैयद अब्दुर रहमान द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में आरोपित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
