रामपुर में नाले में डूबा 10 वर्षीय बच्चा, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाया
अजीतपुर चौराहे के पास सड़क पर भरे पानी में हुआ हादसा, जिला अस्पताल में भर्ती; मौके पर सीओ सिटी और नगर पालिका की टीम पहुंची
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: अजीतपुर चौराहे के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 10 वर्षीय बच्चा सड़क पर जमा बारिश के पानी के बीच नाले में डूब गया। बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों के साथ पुलिस प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिसकर्मी सड़क पर जमा पानी में उतर गए और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नाले से बाहर निकाल लिया। इसके बाद बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि बच्चे की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी और थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे को देखने और रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया।
वहीं, जलभराव और नाले की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका के ईओ और सफाई इंस्पेक्टर भी जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। नगर पालिका की टीम ने मौके पर जलनिकासी और सफाई से संबंधित कार्रवाई शुरू की।
पिछले हादसे की भी आई याद
रामपुर में बारिश के दौरान नालों में जलभराव और तेज बहाव के चलते हादसे पहले भी हो चुके हैं। पिछले दिनों पहाड़ी गेट क्षेत्र में तेज बारिश के बहाव के दौरान एक चार वर्षीय बच्चा नाले में डूब गया था। पुलिस और प्रशासन की टीम ने कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया था, जिसके बाद बच्चे का शव नाले से बरामद किया गया था।
लगातार हो रही बारिश के बीच अजीतपुर चौराहे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर खुले नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
