राकेश टिकैत का आजम खां को मशविरा: राजनीति और प्रेस से दूर रहकर करें आराम

रामपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां को सलाह दी है कि वे इस समय राजनीति और प्रेस से दूर रहकर घर पर आराम करें। टिकैत ने कहा कि आजम खां को इस दौर में अनावश्यक चक्करों और बयानबाजी से बचना चाहिए।

बुधवार को बरेली से लौटते समय टिकैत रामपुर आकाशवाणी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। इसके बाद वे गुरुद्वारे भी गए और मीडिया से बातचीत की।

आजम खां को राजनीति से दूरी रखने की सलाह

एक सवाल के जवाब में टिकैत ने कहा, “आजम खां को राजनीति और प्रेस से अभी दूर रहना चाहिए। वह घर पर आराम करें, ज्यादा चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। जिस पार्टी में हैं, उसने भी उनके लिए कुछ नहीं किया। यह तो कोर्ट का धन्यवाद दो जो उन्हें भेज दिया।”

राहुल गांधी की तारीफ और पीएम मोदी पर निशाना

टिकैत ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा –

“नौकरी वाला 60 साल की उम्र में रिटायर हो जाता है, लेकिन राजनीति करने वाले 75 साल में भी नहीं होते। मोदी अब रिटायर हो गए हैं और उन्हें समाजसेवा करनी चाहिए।”

किसानों और छोटे व्यापारियों की चिंता

टिकैत ने कहा कि किसानों की जमीन बचाने के लिए लगातार आंदोलन करना जरूरी है। उन्होंने बड़े-बड़े मॉल्स के खुलने पर चिंता जताई और कहा कि इससे छोटे दुकानदारों का कारोबार खत्म हो रहा है।

जीएसटी दरों में कटौती पर उन्होंने कहा कि इससे किसानों को कोई फायदा नहीं होगा।

संगठन पर फोकस की अपील

भाकियू प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन पर ध्यान देना जरूरी है। अगर सरकार कोई गलत फैसला लेती है तो उसकी खिलाफत करनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा –

“यह देश आंदोलन से बचेगा, पॉलिटिकल सिस्टम से नहीं।”

बैठक में मौजूद रहे प्रमुख नेता

इस मौके पर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश महासचिव हसीब अहमद, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, बरेली मंडल प्रभारी राहुल यादव, मुरादाबाद मंडल प्रभारी अशोक चौधरी, समेत दरबार लाल शर्मा, मोहम्मद तालिब, इरशाद हुसैन, मोहसिन, रामदास मौर्य, प्रमोद यादव, खलील अहमद, मुस्तकीम, राशिद चौधरी, सिद्ध प्रधान, चौधरी राजपाल सिंह और दरियाव सिंह भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.