Punjab Crime News: दिनदहाड़े महिला सरपंच के कानों से सोने की बालियां झपटीं, बाइक सवार बदमाश फरार
Punjab Crime News: गांव सैदोलेहल में दिनदहाड़े मौजूदा महिला सरपंच से झपटमारी का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो अज्ञात युवक घर के बाहर बुलाकर सरपंच अमरजीत कौर के कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पोती को भेजकर सरपंच को घर से बाहर बुलाया
पीड़िता अमरजीत कौर के अनुसार, घटना के समय वह घर के अंदर थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा धो रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे। युवकों ने उनकी पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा।
अमरजीत कौर के बाहर आने पर एक युवक दरवाजे के पास खड़ा रहा, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल स्टार्ट कर बैठा था। आरोप है कि दोनों युवकों ने किसी का घर पूछने और मुर्गों के बारे में बातचीत करने के बहाने सरपंच को बातों में उलझाया। इसी दौरान एक युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से सोने की बालियां नोच लीं।
बदमाशों को रोकने और पकड़ने के प्रयास में अमरजीत कौर के साथ धक्का-मुक्की हुई और वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया है।
जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक से वारदात के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस संदिग्धों के हुलिए और बाइक की पहचान के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
घटना के बाद पीड़िता और ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
