लालगंज में पुलिस मुठभेड़, अन्तर्राज्यीय शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई, अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल व आभूषण बरामद

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर। थाना लालगंज क्षेत्र में थाना लालगंज, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को शुक्रवार (29 अगस्त 2025) को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस मुठभेड़ में अन्तर्राज्यीय शातिर अपराधी राजू उर्फ राजकुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त वाराणसी व आसपास के जिलों में चोरी, नकबजनी, लूट और गैंगेस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में वांछित था।

जानकारी के अनुसार, चितांग चौराहे के पास आभूषण की दुकानों को टारगेट करने की फिराक में मौजूद अभियुक्त ने पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, सफेद धातु के आभूषण (प्लेट, सिक्के, पायल, बिछिया), पांच मोबाइल, दो सिम कार्ड, लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति तथा ₹8,400 नगद बरामद किए।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
राजू उर्फ राजकुमार पटेल पर चन्दौली, वाराणसी, गाजीपुर, बाराबंकी और मऊ जनपदों में चोरी, लूट, नकबजनी, गैंगेस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत करीब 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम
इस सफलता में थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार सिंह, निरीक्षक राजीव सिंह प्रभारी एसओजी, उप-निरीक्षक मानवेन्द्र सिंह प्रभारी सर्विलांस सहित संयुक्त टीम के पुलिसकर्मियों की प्रमुख भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.