- रिपोर्ट: अजीत पाण्डेय
बभनी(सोनभद्र)। साइबर अपराध पर लगाम लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के अभियान के तहत बभनी पुलिस और साइबर टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। बभनी थाना क्षेत्र के बैना निवासी शिवकुमार से साइबर जालसाजों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹30,000 अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाकर संबंधित बैंकों से संपर्क किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई पूरी धनराशि को होल्ड कराकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया।
अपनी डूबी हुई रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक मक्खन लाल, हेड कांस्टेबल मो. सलीम तथा कांस्टेबल सुधीर कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी, इनाम या अन्य लालच देकर पैसे मांगने वाले अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
