Ellenabad, August 3 ( एम पी भार्गव ): शहर में नई-नई कॉलोनियों का निर्माण तेजी से हो रहा है। इन कॉलोनियों में मिट्टी भराई के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियां शहर की सड़कों पर दौड़ रही है। लेकिन इनमें से अधिकांश ट्रालियां बिना तिरपाल ढके मिट्टी ढो रही हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उड़ती धूल न केवल लोगों की आंखों में जा रही है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकांश ट्रालियां शहर के बाहरी क्षेत्रों और खेतों से मिट्टी लोड करके निर्माणाधीन कॉलोनियों तक पहुंचाती हैं। इन ट्रालियों को तिरपाल से नहीं ढका जाता, जिसके कारण चलते समय मिट्टी और धूल लगातार पीछे उड़ती रहती है।
दुपहिया चालक सबसे ज्यादा परेशान
इससे पीछे चल रहे दुपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार धूल के कारण कुछ समय के लिए सामने का रास्ता भी साफ दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
वाहन चालकों का कहना है कि गर्मी और बरसात के बीच पहले ही सड़कें कई जगह से खराब हैं, ऐसे में उड़ती धूल उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही है। कई लोगों ने बताया कि मिट्टी आंखों में पड़ने से जलन होती है और अचानक ब्रेक लगाने या वाहन डगमगाने की स्थिति भी बन जाती है।
तेज आवाज और ओवरटेक से बढ़ा खतरा
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों पर तेज आवाज में बड़े-बड़े स्पीकर लगाकर गाने बजाते हुए चलते हैं। तेज संगीत के कारण उन्हें पीछे से आने वाले वाहनों के हॉर्न तक सुनाई नहीं देते, जिससे ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना तिरपाल के मिट्टी ढोने वाली ट्रालियों पर तुरंत रोक लगाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
