- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) के अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने तीन जोड़ी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके साथ ही दो पैसेंजर ट्रेनों के संचालन समय में भी अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार, 05149/05150 वाराणसी सिटी–गोरखपुर–वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन 1 से 4 जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी सिटी, औड़िहार, जखनियां, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर और चौरीचौरा होते हुए गोरखपुर जाएगी तथा वापसी में इसी मार्ग से चलेगी। ट्रेन में कुल 14 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार 05152/05151 आजमगढ़–बलिया–आजमगढ़ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन 1 से 3 जुलाई तक किया जाएगा। वहीं 05154/05153 आजमगढ़–बलिया–आजमगढ़ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक संचालित होगी। दोनों ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 15 तथा एसएलआर के दो कोच सहित कुल 17 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे ने बताया कि 55121 बलिया–प्रयागराज रामबाग सवारी ट्रेन 2 एवं 3 जुलाई को 60 मिनट पुनर्निर्धारित समय से चलाई जाएगी। वहीं 55134 शाहगंज–बलिया सवारी ट्रेन भी इन दोनों दिनों में नियंत्रित होकर आजमगढ़ से शाम 6 बजे प्रस्थान करेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे ने शिक्षक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान इन विशेष ट्रेनों तथा नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव की सुविधा का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुगम एवं सुविधाजनक बनाएं।
