लखीसराय के लाल ने संभाली बिहार रेल यात्री सुरक्षा की कमान,यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता:पंकज कुमार राज
लखीसराय(सरफराज़ आलम)नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार नया टोला वार्ड संख्या 10 निवासी स्व. विपिन प्रसाद एवं नीलम देवी के पुत्र तथा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार राज को बिहार रेल आईजी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके इस पद पर नियुक्त होने की सूचना मिलते ही पैतृक आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी का इजहार करते हुए जश्न मनाया। जिले भर में भी लोगों ने इसे लखीसराय के लिए गौरव का क्षण बताया। नए दायित्व संभालने के बाद पंकज कुमार राज ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि रेल पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि यात्रियों के बीच सुरक्षा, सहयोग, विश्वास और सहायता की भावना को मजबूत करना भी है। हर यात्री सुरक्षित और सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचे, यही रेल पुलिस का लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेल थाना, जीआरपी एवं रेल सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तौर-तरीकों में भी बदलाव आया है। ऐसे में तकनीक के बेहतर उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से रेल यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। स्थानीय निवासी होने के कारण जिले के लोगों को उनसे विशेष उम्मीदें हैं और लोगों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बिहार में रेल सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
