Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana Rampur: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से लघु एवं सीमांत किसानों को मिलेगा दीर्घकालीन ऋण
समय से ऋण अदायगी करने वाले छह कृषक सदस्य सम्मानित
Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana Rampur: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी के उद्घाटन कार्यक्रम का रामपुर जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के सभागार में वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में योजना के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने सहित इसके विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ रुपये की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना स्वीकृत की गई है। योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण किस्तों की अदायगी करने पर राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा। योजना के तहत पांच वर्षों में 5 लाख से अधिक कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना का लाभ लघु एवं सीमांत कृषकों तथा पूर्व के ऋणी सदस्य, जिनकी ऋण अदायगी नियमित है, को दिया जाएगा। ऋण की अवधि पांच वर्ष एवं उससे अधिक रखी गई है। योजना के तहत कृषि एवं कृषि आधारित अन्य गतिविधियों के साथ-साथ अकृषि क्षेत्र में भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण की अदायगी ईएमआई की आसान किस्तों में की जा सकेगी तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी एवं सुगम ऋण स्वीकृति प्रक्रिया की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को सुलभ दर पर ऋण उपलब्ध होने से कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
योजना के माध्यम से विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के लक्ष्य को गति देने में भी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, मिलक विधायक राजबाला तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहन लाल सैनी का बुके भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बी-पैक्स से जुड़े ऐसे कृषक सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने ऋण की समय से अदायगी की। गोधी बी-पैक्स के कुलवन्त सिंह एवं टीकाराम, जौलपुर बी-पैक्स के कल्यान सिंह, ककरौआ बी-पैक्स के फूल सिंह, दढ़ियाल बी-पैक्स के अमर सिंह तथा क्योरार बी-पैक्स के जगदीश पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिला सहकारी बैंक के निदेशक रोहिताश भीर्य, विभिन्न बी-पैक्स के अध्यक्ष एवं निदेशक, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता शिवम मलिक, सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीप्रकाश त्रिपाठी, अपर जिला सहकारी अधिकारी अश्वनी कुमार, उप महाप्रबंधक देवेन्द्र कुमार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता देव चन्द्र झा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न बी-पैक्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 300 कृषक सदस्य उपस्थित रहे।
