Mirzapur Seva Sankalp Abhiyan: सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में 108 मीटर की बनाई जाएगी रंगोली, बाइक रैली व पैदल मार्च का भी होगा आयोजन

Mirzapur Seva Sankalp Abhiyan: सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जनपद में 06 अक्टूबर 2026 को स्थानीय राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान में 108 मीटर व्यास परिधि में भव्य रंगोली बनाई जाएगी। रंगोली बनाने में प्राकृतिक फूल व प्राकृतिक रंगों आदि का भी प्रयोग किया जाएगा जिसका उद्देश्य स्वच्छ भारत व नारी सशक्तिकरण पर आधारित होगा। 17 सितम्बर 2026 से प्रारम्भ सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जनपद में विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आगे के कार्यक्रम की तैयारियों के लिए प्रभारी अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए ने सभी सम्बन्धित विभागों, खण्ड विकास अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा व तैयारियों के बारे में समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अपने-अपने कार्यकर्ताओं को रंगोली बनाने व अन्य कार्य हेतु तैयार कर उन्हें प्रशिक्षित भी करें ताकि उपरोक्त तिथि को निर्धारित समय सीमा के अन्दर रंगोली बनकर तैयार हो सके।

कार्यक्रम में 07 अक्टूबर 2026 को युवाओं में राष्ट्र भावना के दृष्टिगत भव्य तिरंगा बाइक रैली व पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाइक रैली में सभी प्रतिभागी हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता का संदेश देंगे। पैदल मार्च में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व अन्य नागरिकों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

दिनांक 26 सितम्बर 2026 को प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर भी रंगोली कार्यक्रम आयोजित कर उसका फोटोग्राफ व वीडियो माई भारत पोर्टल के निर्धारित प्रारूप पर भरकर अपलोड कराना भी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक संगठनों व आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० कीर्ति कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी व सभी विकास खण्डों के खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.