मीरजापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: दहेज हत्या में 2 गिरफ्तार, नाबालिगों को भगाने के मामले में भी 2 आरोपी पकड़े

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Mirzapur: जनपद मीरजापुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, तीन नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने, मारपीट और बंधक बनाने के मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा जमालपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे दो लोगों को पकड़ा।

दहेज हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना लालगंज में 5 अगस्त 2026 को चम्पा देवी पत्नी स्वर्गीय शिवनाथ पाल, निवासी लछिमनपुर, थाना पड़री, मीरजापुर ने अपनी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने के संबंध में तहरीर दी थी।

तहरीर के आधार पर लालगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर उप निरीक्षक सुजीत सिंह सेठ ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर 7 अगस्त को मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यदेव पाल पुत्र राज नारायण पाल और कल्लू पाल उर्फ लक्ष्मण पुत्र राज नारायण पाल, दोनों निवासी गंगहराकलां, थाना लालगंज, मीरजापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

तीन नाबालिग लड़कियों को भगाने के मामले में दो गिरफ्तार
लालगंज थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी और उसकी दो सहेलियों के स्कूल से चले जाने के संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी। इस मामले में थाना लालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 293/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों बालिकाओं को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद विवेचना के दौरान सामने आए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई।

7 अगस्त को उप निरीक्षक नौशाद खां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय प्रकाश पुत्र श्यामधर, निवासी नरैना कला, थाना लालगंज, मीरजापुर और धीरज पुत्र रामलाल, निवासी कुरहरा, थाना कुराव, प्रयागराज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 146, 115(2) और 127(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

जुआ खेलते दो गिरफ्तार, नकदी और तीन बाइक बरामद
अपराध और जुआ गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जमालपुर पुलिस ने भी कार्रवाई की। 7 अगस्त को थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मठना नहर के पास छापा मारकर सार्वजनिक स्थान पर जीत-हार की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय प्रकाश पटेल पुत्र स्वर्गीय तारा पटेल, निवासी ग्राम मठना, थाना जमालपुर और विकास पटेल पुत्र राजा राम पटेल, निवासी महादेवपुर, थाना जमालपुर, मीरजापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मालफड़ के 1,100 रुपये और तलाशी में 900 रुपये, कुल 2,000 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

इस मामले में थाना जमालपुर में मुकदमा अपराध संख्या 136/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

कानून-व्यवस्था के तहत सात लोगों का चालान
मीरजापुर पुलिस ने जिले में कानून और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत सात लोगों का चालान किया।

थानावार कार्रवाई में कोतवाली देहात से एक, अदलहाट से एक, हलिया से दो, ड्रमंडगंज से एक और मड़िहान से दो लोगों का चालान किया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में अपराध की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.