Mirzapur: जिगना क्षेत्र में हरिजन आबादी की जमीन पर दबंगों का अवैध कब्जे का प्रयास, पीड़ित परिवार ने DM से लगाई न्याय की गुहार
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur: थाना जिगना क्षेत्र के ग्राम सभा कोठरा मिश्रान, मौजा चक कोलेपुर कला, तप्पा-96, परगना-कंतित में हरिजन आबादी की सुरक्षित जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
पीड़ित राम सजीवन चमार पुत्र स्व. गोमती ने बताया कि उनके तीन पुत्र अशोक कुमार, अरुण कुमार और अनुप कुमार चमार चकबंदी से पहले से ही उक्त भूमि पर मड़ई बनाकर रह रहे हैं। वहां चन्नी, नाद और खूटा लगाकर भैंस भी बांधी जाती है।
पीड़ित के अनुसार चकबंदी प्रक्रिया में उक्त भूमि “हरिजन आबादी” के रूप में सुरक्षित श्रेणी में दर्ज हो गई है। इसके बावजूद गांव के कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं और परिवार को वहां से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
पीड़ित ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि हरिजन आबादी की जमीन कानूनन सुरक्षित होती है, ऐसे में उस पर किसी भी प्रकार का कब्जा अवैध है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करता है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रह सके।
