कृषि राज्य मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दृष्टि की बैठक सम्पन्न
बैठक में राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के सख्त निर्देश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर
रामपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति “दृष्टि” की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान पीओ यूपीनेडा ने बताया कि जनपद में अब तक 9,478 सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। माह जून में प्राप्त 997 के लक्ष्य के सापेक्ष 1,108 सोलर प्लांट स्थापित कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की गई है। राज्य मंत्री ने माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित कराये गये जिन सौर ऊर्जा संयंत्रों का संचालन नहीं हो रहा है उनका नियमित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा में राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय एसडीओ एवं जेई के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें तथा जहां भी विद्युत लाइन या ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत मिले, उसका तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी को जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ब्लॉक स्तर पर नियमित भ्रमण कर किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को खाद की कमी का सामना नहीं करना चाहिए।
फसल बीमा योजना की समीक्षा में उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में 740 किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। साथ ही रबी फसल के लिए अब तक 6,116 किसानों ने फसल बीमा कराया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी राशन कार्डधारक परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत समूहों का गठन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी पात्र परिवारों की फैमिली आईडी बनवाने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल एवं साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य मंत्री ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से ब्लॉक स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करें तथा जन चौपालों एवं गोष्ठियों में सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति से शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचेगी और पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलेगा। समीक्षा बैठक में कन्या सुमंगला योजना, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान योजना, स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं, कृषि, कौशल विकास, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, सहकारिता, सिंचाई तथा अन्य विकासपरक योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करेंगे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, मिलक विधायक राजबाला सिंह, ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
