ऐलनाबाद,(एम.पी. भार्गव)। राजस्थान भृगु वंशीय भार्गव ब्राह्मण सामूहिक विवाह समिति, जयपुर द्वारा जयपुर में 26 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण बैठक एवं आम सभा का आयोजन किया गया। यह बैठक प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चली, जिसमें समिति के कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
समिति द्वारा अब तक दो चरणों में कुल 18-18, यानी 36 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। आगे की कार्यवाही एवं नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
बैठक के दौरान समिति के कोषाध्यक्ष श्री मनोज कुमार हरसौली ने दोनों आयोजनों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। कोष रिकॉर्ड के अनुसार समिति के पास वर्तमान में 1,35,735 रुपये की शेष राशि उपलब्ध है।
भीषण गर्मी के बावजूद समाज सेवा के प्रति समर्पित लोगों ने भृगु भवन में उपस्थित होकर अपने विचार साझा किए और समिति को महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें सराहनीय प्रयास माना गया।
अंत में, बैठक में उपस्थित सभी समाज बंधुओं का समिति की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
