“आम का त्यौहार”: मिर्जापुर पुलिस और बच्चों के बीच मिठासभरी दोस्ती की नई पहल

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर , 13जून 2025 — मीरजापुर पुलिस द्वारा गुरूवार को थाना हलिया क्षेत्र के ग्राम हथेड़ा, भटवारी, पहाड़ी आदि में एक अनूठे और भावनात्मक कार्यक्रम “आम का त्यौहार, साथ मनाएं बच्चे और पुलिस परिवार” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों और पुलिस परिवारों के बीच स्नेह और विश्वास का रिश्ता मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस परिसर में लगे आम के पेड़ों से तोड़े गए आमों को एकत्र कर आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों के बच्चों के साथ साझा किया गया। बच्चों की हंसी और किलकारियों के बीच आम की मिठास ने एक ऐसा माहौल बनाया जिसमें पुलिस और समुदाय के बीच विश्वास और सहयोग की नई डोर बंधती दिखाई दी।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चुनार मंजरी राव, पुलिस उपाधीक्षक सदर की पत्नी अर्चना देवी, पुलिस उपाधीक्षक नगर की पत्नी मानवी जावला, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्ञानू प्रिया, प्रभारी निरीक्षक हलिया विरेन्द्र सिंह सहित कई पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को मीरजापुर पुलिस की कम्युनिटी पुलिसिंग की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में पुलिस और आमजन के रिश्ते को और प्रगाढ़ करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.