- रिपोर्ट: जितेंद्र जोशी
उत्तरकाशी/बड़कोट। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में बड़कोट पुलिस ने दो युवकों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश सिंह निवासी ग्राम मसरी और माखन सिंह निवासी ग्राम गोवाल के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है।
तलाशी के दौरान माखन सिंह के पास से 2.03 ग्राम तथा प्रवेश सिंह के पास से 2.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 1.30 लाख रुपये आंकी गई है।
बड़कोट पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
