रबी सीजन के लिए किसानों को निशुल्क मिलेगा दलहन-तिलहन बीज, 30 सितंबर तक कृषि दर्शन पोर्टल पर कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग

Rampur: जनपद के किसानों के लिए रबी सीजन 2026-27 में राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क दलहन एवं तिलहन बीज उपलब्ध कराया गया है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को चना, मटर, मसूर और तोरिया के बीज मिनीकिट/सामान्य बीज नि:शुल्क दिए जाएंगे।

जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को कृषि दर्शन पोर्टल (www.agriculture.up.gov.in) पर ऑनलाइन बुकिंग/आवेदन करना अनिवार्य है। बुकिंग की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि यदि उपलब्ध बीज की मात्रा से अधिक किसानों द्वारा आवेदन किया जाता है तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। ई-लॉटरी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के माध्यम से पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी।

इन फसलों के बीज मिलेंगे नि:शुल्क

रबी सीजन के लिए चना बीज मिनीकिट 8 कुंतल, मटर बीज मिनीकिट 50 कुंतल, मसूर बीज मिनीकिट 20 कुंतल, तोरिया सामान्य बीज 3 कुंतल और तोरिया बीज मिनीकिट 5 कुंतल उपलब्ध कराया गया है।

राजकीय बीज भंडार से मिलेगा बीज

ऑनलाइन बुकिंग करने वाले चयनित किसानों को जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से POS मशीन पर सत्यापन के बाद बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

यदि किसी किसान को ऑनलाइन बुकिंग करने में परेशानी हो रही है तो वह अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर बुकिंग करा सकता है। बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए 8433179134 एवं 8650115672 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क बीज योजना का लाभ लेने के लिए समय से आवेदन करें और रबी फसलों की बुवाई के लिए उपलब्ध बीज का लाभ उठाएं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.