-27 वर्षीय सौरव की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल, परिवार ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
-CCTV के आधार पर पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी सचिन गिरफ्तार
-फरार आरोपी की तलाश जारी, मौत के असली कारणों की हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर: अमृतसर के गुरु नानक पुरा इलाके से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसकी लाश को एक्टिवा स्कूटी पर ले जाते हुए CCTV फुटेज सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में दो युवक एक व्यक्ति को अपने बीच में बैठाकर स्कूटी पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं और बाद में उसे एक सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते हैं।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सौरव 27 मई को घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी लगातार तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। कुछ समय बाद उसकी लाश मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की मां परमजीत कौर ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। उन्होंने कहा कि सौरव चार बहनों का इकलौता भाई था और परिवार का मुख्य सहारा था। मां के मुताबिक वायरल CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे कपड़े वही हैं, जिन्हें पहनकर सौरव घर से निकला था। उन्होंने दावा किया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक्टिवा पर ले जाकर भवानी पैलेस के पास फेंक दिया।
उधर, पुलिस जांच में भी इस मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। एसीपी सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले थाना कोट खालसा के अंतर्गत इस्लामाबाद क्षेत्र में बॉडी साहिब रोड के पास सौरव का शव बरामद हुआ था। उस समय घटनास्थल की परिस्थितियों और मृतक की बहन सोनिया के बयानों के आधार पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
पुलिस द्वारा आगे की जांच के दौरान इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो व्यक्ति सौरव को एक्टिवा पर ले जाते और बाद में घटनास्थल पर छोड़ते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 105 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सौरव की मौत दुर्घटना थी या सुनियोजित हत्या, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
