दिल्ली में वायु प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई: सीएम रेखा गुप्ता ने बदला सरकारी और MCD दफ्तरों का समय

नई दिल्ली।; राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (MCD) के कार्यालयों के कार्य समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। नया शेड्यूल 15 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक लागू रहेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह फैसला प्रदूषण नियंत्रण के एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव एक साथ न बढ़े और ट्रैफिक बोझ समान रूप से विभाजित हो सके। इससे PM 2.5 और PM 10 जैसे प्रदूषक तत्वों के स्तर में कमी लाने में मदद मिलेगी।

नए कार्यालय समय इस प्रकार होंगे:

दिल्ली सरकार के कार्यालय: सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक

दिल्ली नगर निगम (MCD) के कार्यालय: सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक

पहले इन दफ्तरों का समय केवल 30 मिनट के अंतर से तय था, जिससे सुबह और शाम दोनों वक्त ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बदलाव से अब ट्रैफिक का दबाव बंटेगा और सड़कों पर वाहनों की भीड़ एक साथ नहीं बढ़ेगी, जिससे वायु प्रदूषण में राहत मिलेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “हमारी सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पहले से सक्रिय है। हम समस्या के बाद समाधान नहीं, बल्कि पहले से तैयारी में विश्वास रखते हैं।”

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण विभाग और वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि सर्दियों के दौरान राजधानी में प्रदूषण के स्तर में तेजी से बढ़ोतरी होती है, इसलिए यह बदलाव मौसमी तौर पर हर साल सर्दियों में लागू किया जाएगा।

सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में ऑफिस समय का पालन सख्ती से किया जाए, ताकि ट्रैफिक और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य पूरे किए जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.