गाजियाबाद : मोदीनगर पुलिस ने 2.5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में, वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून को मेरठ निवासी एक कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि उसने रोरी गांव में जमीन खरीदी है, जहां पहुंचने का सार्वजनिक रास्ता मंगल विहार कॉलोनी से होकर जाता है। आरोप है कि कॉलोनी निवासी प्रवीण पुनिया और उसके साथियों ने जमीन पर काम कर रहे, मजदूरों से अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी, और रास्ता देने के नाम पर, पहले एक लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद रास्ता खुलवाने के लिए 2.5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए रास्ता भी अवरुद्ध कर दिया।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपी प्रवीण पुनिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
