लखीसराय में राजकुमार हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार,मोटर चोरी के शक में दोस्तों ने किया था मर्डर,अन्य की तलाश जारी
लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय जिले के कबैया थाना क्षेत्र में 5 मई को हुए राजकुमार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय यादव को कबैया थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है इससे पहले पुलिस इस मामले में नीतीश और सौरभ को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।जानकारी के अनुसार 5 में की देर शाम आरोपियों ने राजकुमार को उसके घर बुलाया था। बथान पर मटन और शराब पार्टी के बाद आरोपियों ने राजकुमार की बुरी तरह पिटाई कर हत्या कर दी।हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से बहियार में फेंक दिया गया था।साइबर डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी इस क्रम में मुख्य आरोपी संजय यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी संजय यादव ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले इलाके से पानी का मोटर चोरी हो गया था। लोगों को शक था की मोटर चोरी में राजकुमार का हाथ है। इसी संदेह के आधार पर 5-7 लोगों ने मिलकर राजकुमार की हत्या कर दी थी। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गंभीरता पूर्वक जांच जारी है। प्रेस वार्ता में कबैया थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार भी मौजूद थे।
