Lucknow: रेलवे की प्रतिष्ठित संस्था रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन (RDSO) से जुड़े रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने 15 सितंबर 2026 को रिश्वत लेने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में RDSO के दो वरिष्ठ अधिकारी और कोलकाता की एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधि शामिल हैं।
4 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी
सीबीआई के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में RDSO का एक डिप्टी डायरेक्टर और एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर शामिल हैं। इनके अलावा कोलकाता स्थित एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्लांट और मशीनरी की निरीक्षण रिपोर्ट में पक्ष लेने का आरोप
आरोप है कि RDSO के दोनों अधिकारी निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कथित तौर पर मिलीभगत कर रहे थे। कंपनी की फैक्ट्री के प्लांट और मशीनरी के निरीक्षण की रिपोर्ट उसके पक्ष में तैयार करने के बदले रिश्वत लेने की बात सामने आई है।
सीबीआई ने कार्रवाई के लिए हावड़ा स्थित एक होटल में ट्रैप लगाया, जहां चारों आरोपियों को कथित तौर पर 4 लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान मौके से 4.73 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में सीबीआई की कार्रवाई के बाद RDSO से जुड़े अधिकारियों और निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच कथित रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
